
*सीताराम कंवर जी की शहादत दिवस पर सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक लैलूंगा द्वारा उन्हें याद किए*
दिनांक 9 अक्टूबर 2025, कंवर समाज भवन लैलूंगा में वीर सीताराम कंवर जी का शहादत दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में समाज के लोगों की सहभागिता से महान स्वतंत्रता सेनानी के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।
सभी वक्ताओं ने कहा कि वीर सीताराम कंवर जी ने 1858 में अंग्रेजों के खिलाफ साहस पूर्ण विद्रोह कर अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका जीवन और योगदान नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा।
अजजा शास. सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार साय पैंकरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीर सीताराम कंवर जी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के एक महत्वपूर्ण किंतु अक्सर भुला दिए गए नायक थे। उनका जन्म निमाड़ क्षेत्र के खरगोन जिले के डंग गाँव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए वीरगति प्राप्त की। वे गोंडवाना राज्य के केंद्र जबलपुर में 1857 की क्रांति में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने सीताराम जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और “वीर सीताराम कंवर अमर रहें” के जयघोष से हुआ।
इस अवसर पर नंदकुमार साय पैंकरा, शिवशंकर पैंकरा युवा अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज लैलूंगा, सीमंत राम भगत,पोलेश्वर पैंकरा,जयमंगल पैंकरा, देवचरण पैंकरा, अनिल कुमार पैंकरा, गणेशी पैंकरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
